Breaking News

वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल में भोरंज क्षेत्र का चहुंमुखी विकास हुआ : जय राम ठाकुर

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा है कि वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल में भोरंज क्षेत्र का चहुंमुखी विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं ने विकास के मामले में इस क्षेत्र की पूरी तरह से अनदेखी की और अब यह नेता क्षेत्र में हो रहे समग्र विकास को पचा नहीं पा रहे हैं। वह हमीरपुर जिले के भोरंज विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान उपस्थित भारी जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भोरंज विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान उन्होंने 90 करोड़ रुपये लागत की विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए हैं जो इस बात को दर्शाता है कि वर्तमान सरकार किस तरह से हर क्षेत्र का विकास सुनिश्चित कर रही है।

जय राम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेसी नेता विकास के मामले में प्रदेश की जनता के गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अपार स्नेह से प्रदेश को बहुत लाभ हुआ है। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश में कुछ कांग्रेसी नेता अपना आपा खो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग इन नेताओं को समय आने पर मुंहतोड़ जवाब देंगे। उन्होंने कांग्रेसी नेताओं पर प्रदेश के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे आगामी विधानसभा चुनावों में सत्ता में आने के सपने देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेसी नेताओं के लुभावने वादों के बहकावे में नहीं आएगी।


बेरोजगारी के लिए पिछली कांग्रेस सरकार की खराब नीतियों को जिम्मेदार ठहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने युवाओं को रिकॉर्ड रोज़गार के अवसर उपलब्ध करवाए हैं। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में चिटों पर रोज़गार दिया जाता था, जबकि वर्तमान राज्य सरकार भर्ती प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित कर रही है।
उप-मुख्य सचेतक एवं स्थानीय विधायक कमलेश कुमारी ने अपने गृह विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि भोरंज क्षेत्र पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और पूर्व शिक्षा मंत्री आई.डी. धीमान की कर्मस्थली रही है और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व वाली वर्तमान राज्य सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि क्षेत्र में विकास की गति निर्बाध रूप से चलती रहे।
भोरंज भाजपा मंडलाध्यक्ष देशराज शर्मा ने क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की विकासात्मक परियोजनाएं समर्पित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।


इस अवसर पर हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री, कौशल विकास निगम के राज्य संयोजक नवीन शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक बलदेव शर्मा और क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता कमल नयन, उपायुक्त देबश्वेता बनिक तथा पुलिस अधीक्षक आकृति शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। हमीरपुर जिले के भोरंज विधानसभा क्षेत्र के कंज्याण में आज एक बार फिर गरीबों, जरूरतमंदों और दलितों के प्रति मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता तब देखने को मिली जब जनसभा के बीच मुख्यमंत्री लीला देवी की पीड़ा सुनने के लिए मंच से नीचे उतर आए। लीला देवी हमीरपुर जिले के नाहलवीं गांव में पिछले सोलह साल से लकवे से पीड़ित अपने पति को लेकर आई थीं।


मुख्यमंत्री ने तत्काल महिला को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की और आश्वासन दिया कि यह राशि आज ही उसके बैंक खाते में हस्तांतरित कर दी जाएगी। उन्होंने लीला देवी को उनकी बेटी की शिक्षा के लिए भी राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।

About khalid

Check Also

शिक्षा खण्ड स्वारघाट को निपुण गेला कार्यक्रम का आयोजन

खण्ड स्तरीय शिक्षा खण्ड स्वारघाट में निपुण भारत- – निपुण- हिमाचल मिशन कार्यक्रम के अन्तर्गत …

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Share