हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में एक चिट्टा आरोपी ने पुलिस कांस्टेबल पर हमला कर दिया। मामला भराड़ी थाना के तहत टांडा लवाणा कस्बे का हैं जहां आरोपी ने पुलिस कांस्टेबल पर वार किया। पहले आरोपी ने पुलिस कांस्टेबल के सिर पर पत्थर से हमला किया और फिर कांस्टेबल की पीठ पर दांतों से काटा। पत्थर के हमले से ज़ख़्मी हुए पुलिस कांस्टेबल के सिर में चार टांके लगे हैं। हालांकि, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी पर इससे पहले भी करीब 13 मामले दर्ज हो रखे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम टांडा लवाणा क्षेत्र में गश्त पर थी। इस दौरान सामने से एक व्यक्ति जा रहा था और अचानक पुलिस की गाड़ी को देखकर वह भागने लगा। जिससे पुलिस को उसपर शक हुआ तो पुलिसकर्मी उसके पीछे दौड़ने लगे और थोड़ी दूरी पर ही पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस कांस्टेबल पर पत्थर से वार कर उसे घायल कर दिया और मौके से भागने की कोशिश की।
इस दौरान व्यक्ति ने पुलिस कांस्टेबल की पीठ पर दांतों से काट दिया। पुलिस द्वारा तलाशी के दौरान व्यक्ति की जेब से 1.12 ग्राम चिट्टा भी बरामद हुआ। आरोपी की पहचान सोमनाथ उर्फ सोनू निवासी लवाणा टांडा के रूप में हुई है। इससे पहले यह आरोपी 2010 में जाहु कस्बे में रात करीब 12:00 बजे एक दुकान की दीवार तोड़ने की कोशिश कर रहा था। उस दौरान पुलिस को सूचना मिलते ही पुलिस जब मौके पर पहुंची थी तो उसने पुलिस कर्मी पर मीट काटने वाले टोके से हमला कर दिया था। उस दौरान भी पुलिसकर्मी के शरीर पर कई टांके लगे थे। उस दौरान भी पुलिस कर्मी ने घायल होने के बावजूद आरोपी को भागने नहीं दिया था। डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस कांस्टेबल पर हमला करने वाले आरोपी को चिट्टा सहित काबू कर लिया गया है। हालांकि, आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं और मामले की आगे की जांच जारी हैं।