मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज सोलन जिले के पुलिस ग्राउंड सोलन में आयोजित शिमला संसदीय क्षेत्र के त्रिदेव सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि शिमला संसदीय क्षेत्र परंपरागत रूप से कांग्रेस का गढ़ रहा है, लेकिन अब भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत से लगातार तीन चुनाव जीतकर कांग्रेस पार्टी के इस गढ़ को हिला दिया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी के त्रिदेव संगठन को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण है और यह अत्यन्त महत्वपूर्ण है कि त्रिदेव अधिक समर्पण और समन्वय के साथ कार्य करें।
जय राम ठाकुर ने राज्य में भाजपा को फिर से सत्तासीन करने के लिए पार्टी पदाधिकारियों से अधिक प्रतिबद्धता और समर्पण भाव के साथ काम करने का आग्रह किया, ताकि प्रदेश का विकास निर्बाध गति से चलता रहे। उन्होंने कहा की जनता विपक्ष के झूठे वायदों के बहकावे में नहीं आएगी भले ही वो कितनी कोशिश कर लें।
जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य के लिए 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की केंद्रीय परियोजनाओं के अलावा 800 करोड़ रुपये की विशेष वित्तीय सहायता स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्षी नेता यह दावा कर रहे हैं कि एक बार राज्य में सत्ता में आने के पश्चात वे वर्तमान राज्य सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं को बन्द कर देंगे।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना का भी समर्थन किया और इसे भारतीय सेना को मजबूत करने और देश के युवाओं को रोजगार प्रदान करने वाली योजना बताया। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को उनकी पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि भी अर्पित की।