चंडीगढ़: आज चंडीगढ़ सोशल वेलफेयर विभाग और क्राफ्ड के संयुक्त तत्वावधान में एल्डर हैल्पलाईन 14567 की पहली वर्षगांठ पर सीनियर सिटीजन होम सेक्टर 43 चंडीगढ़ में “एक शाम बुजुर्गों के नाम” काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पालिका अरोड़ा, पी सी एस, निदेशक,सोशल वेलफेयर विभाग चंडीगढ़ थीं। विशेष अतिथि स्थानीय पार्षद प्रेमलता और हितेश पुरी, चेयरमैन क्राफड, पूनम शर्मा डायरेक्टर चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड, मनोनीत पार्षद उमेश भाई एवं मोहिंद्र कौर थे। इस काव्य गोष्ठी का खूबसूरत संचालन करते हुए राष्ट्रीय कवि डॉ अनीश गर्ग ने कहा “मेरे घर में भी है मंदिर जहां भगवान रहते हैं… करें पूजा जिनकी उन्हें मां बाप कहते हैं” से कार्यक्रम का खूबसूरत शुभारंभ किया। इसके बाद डॉ विनोद शर्मा ने “हर कोई है किसी का मार्गदर्शक.. दे कोई सलाह तो जीवन है आकर्षक” डेज़ी बेदी ने “यह इंसान ढूंढे जन्नत को वह ढूंढे आसमानों में” से काफी तालियां बटोरी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ कवि प्रेम विज जी ने कहा “थक हार कर लौट आया अपने गांव, आते ही छुए मां-बाप के पांव” पंक्तियों के माध्यम से मां बाप के चरणो में ईश्वर दर्शन को बखूबी दर्शाया। सुशील हसरत नरेलवी, जे एस ‘खुशदिल’, बलबीर ‘तन्हा’, बालकृष्ण गुप्ता ने अपनी खूबसूरत शायरी से रंग बांध दिया। इस कार्यक्रम में क्राफड के पदाधिकारी राजेश राय, के एल सचदेवा, मार्शल गुरनाम सिंह, सेकंड इनिंग के अध्यक्ष आर के गर्ग, सीनियर सिटीजन कौंसिल के प्रधान एस एस रंधावा उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में एल्डरलाईन 14567 के बारे में प्रोजेक्ट हेड विक्रमजीत गोदवानी इन सेवाओं के बारे में विस्तृत में बताया ताकि समाज में उपेक्षित और प्रताड़ना सह रहे बुजुर्गों का सही मार्गदर्शन और समय पर सहायता की जा सके। इस कार्यक्रम में सीपीडब्ल्यूडी की सी ए रजनी गुप्ता विशेष तौर पर उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में बुडैल जेल के कैदियों द्वारा तैयार पौधों से कवियों को सम्मानित किया गया। अंत में हितेश पुरी जी ने आए हुए सभी अतिथियों का धन्यवाद अर्पण किया और सरकार द्वारा बुजुर्गों बच्चों एवं महिलाओं के लिए चलाई जा रही सभी योजनाओं में संस्था का सहयोग देने का प्रस्ताव रखा।
