चंडीगढ़, 14 जून- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने सिद्धू मूसेवाला की बहरामी से हत्या के मामले की जांच को लटकाए जाने और दिशा से भटकाए जाने की आशंका जाहिर की है। जिस पर उन्होंने पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस से केस स्टेटस रिपोर्ट पेश ने को कहा है।
यहां जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि जांच धीमी गति से भी नहीं चल रही है व ऐसा प्रतीत होता है कि पंजाब पुलिस ने काम करना बंद कर दिया है और वह अन्य राज्यों की पुलिस पर निर्भर है। जिस पर उन्होंने किसी केंद्रीय एजेंसी से जांच करवाए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आरोपियों के अलग-अलग राज्यों में फैलने के मद्देनजर यह उचित होगा कि जांच किसी केंद्रीय एजेंसी के हवाले की जाए।
वड़िंग ने कहा कि मूसेवाला की बेरहमीपूर्वक हत्या को 16 दिन बीत चुके हैं और पुलिस की स्थिति आज भी वैसे ही है, जैसे 29 मई को थी। जांच में अब तक कुछ भी सामने नहीं आया है।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब पुलिस ने जांच की प्रगति को लेकर अभी तक आधिकारिक बयान नहीं दिया। हम अभी तक यही सुन रहे हैं कि किसी को पुणे में पहचाना गया और गुजरात में काबू किया गया, जो कार्रवाई पंजाब पुलिस ने नहीं, महाराष्ट्र पुलिस ने की। इससे प्रतीत होता है कि यह सब जांच की दिशा भटकाने और देरी करने हेतु किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस के लिए जांच में किसी निर्णायक नतीजे तक पहुंचने के लिए 16 दिन का समय काफी था। उन्होंने सवाल किया कि यदि इन्होंने कुछ लोगों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया है, तो क्यों यह असली गुनाहगारो तक नहीं पहुंच पाए या फिर पंजाब पुलिस चाहती है कि हम सोशल मीडिया पर किए जाने वाले दावों पर ही भरोसा करें।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि जांच में जितनी देरी होगी, उतना ही असली गुनाहगारों को भागने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस हत्या ने पंजाब को हिला दिया है और हर जगह डर का माहौल बना हुआ है। यदि पंजाब पुलिस गुनाहगारों को सजा दिलाने में काबिल नहीं है, तो इससे वह ना सिर्फ गलत संदेश देगी, बल्कि इससे अपराधियों के हौसले और बुलंद होंगे।