सरकाघाट। जायका परियोजना खण्ड- 2 द्वारा फसल विविधीकरण परियोजना के अंतर्गत जिला मंडी के चौंतड़ा ब्लॉक के सुकर गांव में आज बुधवार को बहाव सिंचाई योजना के निर्माण हेतु कृषक विकास संघ का गठन किया गया। जिसमें लगभग 50 किसानों ने भाग लिया। जायका परियोजना खण्ड 2 सरकाघाट के प्रबंधक ओ पी धीमान ने यहां बताया कि इस सिंचाई योजना के तहत लगभग 80 से 100 किसानों को लाभ होगा। परियोजना के कृषि प्रसार अधिकारी निशांत पराशर ने बताया कि इस परियोजना में स्वयं सहायता का गठन किया जाएगा। इसके अंतर्गत कृषि विकास संघ के सदस्य चुने गए और सदस्यों को उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से बताया गया।
किसानों को सब्जियों की खेती, जल वितरण और मिट्टी और जल संरक्षण सहित इसके संचालन और रख रखाव के बारे बताया गया। इस परियोजना के अंतर्गत किसानों को उनकी आर्थिक स्थिति बढ़ाने, उनको सहमत कार्यक्रम के अनुरूप योजना बद्ध फसल पैटर्न अपनाने के बारे में जानकारी दी गई। किसानों को वैल्यू एडेड प्रोडक्ट जिसमें आम का आचार, आमले का मुरब्बा, सीरा बनाने की विधि के बारे में प्रशिक्षण देने के बारे बताया गया। जूनियर इंजिनयर शशि पाल शर्मा द्वारा किसानों को पानी की आपूर्ति और उसकी निगरानी के लिए संचालन और रख रखाव की योजना के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ में उनके द्वारा नई प्रणाली की योजना, डिजाइनिंग और निर्माण में शुरू से ही भाग लेने के बारे में जानकारी दी गई।