भाजपा का स्थापना दिवस शुक्रवार को जिला मुख्यालय धर्मशाला में कांगड़ा जिला भाजपा अध्यक्ष चंद्रभूषण नाग की अध्यक्षता में जोधामल सराय धर्मशाला मनाया गया। वर्ष 1980 को भाजपा की स्थापना हुई थी, आज 44 वर्ष का भाजपा संगठन हो गया है। सभी कार्यकर्ताओं ने मिलकर भाजपा को इस मुकाम तक पहुंचाया है कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। केंद्र में और देश के 18 राज्यों में भाजपा का शासन है, भाजपा का जो पौधा 1980 में लगा था, वो वर्तमान में वट वृक्ष बन चुका है। पीएम नरेंद्र मोदी पूरे विश्व में बड़े राजनेता, विश्व नेता के रूप में उभरे हैं। भाजपा और पार्टी कार्यकर्ता व नेता देश की सेवा कर रहे हैं। हम गर्व महसूस करते हैं कि हम भाजपा के कार्यकर्ता हैं। वहीं पूर्व विधायक विशाल नैहरिया ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने अपने कार्यों से पार्टी को सींचा है। हर कार्यकर्ता ने पार्टी को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनाने में अपना बहुमूल्य योगदान दिया है। भाजपा ने कुशल नेतृत्व केंद्र व विभिन्न प्रदेशों में दिया है। जिस तबके को पहले कोई नहीं पूछता था, भाजपा ने उस तबके को आगे लाने का प्रयास किया है। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं सहित प्रदेश व जिला स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे।
