(राकेश)- भाजपा प्रवक्ता प्रवीण आत्रेय ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं पर बात करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व हरियाणा बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले प्रदेशों की सूची में शामिल है। प्रवीण आत्रेय ने लोकसभा में पेश की गई आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि आज़ भारत मेडिकल टूरिज्म में विश्व के प्रमुख दस देशों में शामिल हो गया है। यह सब नरेंद्र मोदी सरकार की नीतियों का परिणाम है। इसमें बड़ा सहयोग हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में चल रही सरकार द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए कार्यों का भी है। हरियाणा के गुरुग्राम और फरीदाबाद में विदेशों से बड़ी संख्या में लोग अपना इलाज करवाने आते हैं। इसका सीधा लाभ हमारी अर्थव्यवस्था को मिलता है। जहां एक तरफ़ देश के विदेशी मुद्रा भंडार में इजाफा होता है। वहीं दूसरी तरफ हरियाणा की डीएसडीपी और प्रति व्यक्ति आय पर अनुकूल प्रभाव आता है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने का एक
उदाहरण कोविड महामारी के दौरान नज़र आया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रशासनिक कौशल, आधारभूत ढांचा, चिकित्सक तथा पैरामेडिकल स्टाफ की सहायता से महामारी को काबू कर लोगों की जान बचाई।