मनाली। सोमवार दोपहर को मनाली उपमण्डल के गोजरा गांव में अचानक लकड़ी के घर मे आग लग गई। आग लगने से गांव में अफरा तफरी मच गई। पता लगते ही ग्रामीण घटनास्थल की ओर भागे और आग बुझाने में जुट गए। अग्निशमन केंद्र मनाली की टीम भी सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। अग्निशमन टीम व ग्रामीणों के प्रयासों से साथ लगते घरों को बचा लिया गया।अग्निशमन केंद्र मनाली प्रभारी शेर सिंह ने बताया कि गोजरा गांव निवासी मीना देवी पुत्री चोबी देवी के घर में दोपहर आग लग गई। आग लगने की सूचना दोपहर 12 बजकर 46 मिनट पर मिली। उन्होंने बताया कि मीना के घर में नेपाली मूल के किराएदार रह रहे थे। आग लगने से उनका भी सामान जलकर राख हुआ है। आग लगने से मीना देवी सहित उनके किराएदारों को दो लाख का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी है। SDM मनाली रमण शर्मा ने बताया कि प्रभावित परिवार को 20 हजार फौरी राहत दे दी गई है।
