(सचिन शर्मा)- छत्तीसगढ़ के रायपुर में हुए राष्ट्रीय कांग्रेस के महाअधिवेशन में हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा दिए गए विवादित बयान पर सूबे में राजनितिक घमासान शुरू हो गया है। इसको लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा ने सीएम सूख्खू से उनके बयान पर स्पष्टीकरण मांगा है। मंडी जिला के सुंदरनगर में आयोजित प्रेसवार्ता में अजय राणा ने कहा कि सीएम सुख्खू द्वारा कांग्रेस महासम्मेलन में हिदुओं को शिकस्त देने के विवादित बयान देना दुर्भाग्यपूर्ण, गैरजिम्मेदाराना और अलोकतांत्रिक है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संविधान के अनुसार एक पंजीकृत राजनीतिक दल है। भारतीय जनता पार्टी में सभी लोग बराबर है और धर्मनिरपेक्षता इसका मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि सभी जाति,धर्म और समाज के साथ भाजपा द्वारा बराबर व्यवहार किया जाता है। अजय राणा ने कहा कि जो पार्टी एक धर्म को मानती है वह चुनाव नहीं लड़ सकती है और अगर कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी के साथ मुकाबला करना चाहती है तो भाजपा पूरी तरह से तैयार है।