भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आई आपदा से जान माल का भारी नुकसान हुआ है। केंद्र सरकार आपदा की घड़ी में हिमाचल की हर संभव मदद कर रही है। इस आपदा पर राजनीति भी चरम पर है।सरकार की ओर से केंद्र सरकार से मदद ना मिलने और आपदा में राजनीति करने के आरोप भाजपा पर लगाए जा रहे हैं जो निराधर है। पूर्व मंत्री वीरवार को भाजपा मनाली मंडल की नवगठित कार्यकारिणी की बैठक में बोल रहे थे।
केंद्र सरकार इस आपदा की घड़ी में हिमाचल के साथ है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हिमाचल आ चुके हैं और हिमाचल की हर संभव मदद भी की जा रही है। ग्रामीण सड़के अधिकतर अभी भी बंद पड़ी है परंतु कांग्रेसी नेता इसमें भी झूठा प्रचार कर रहे है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है। बैठक में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल मुख्यतिथि के रूप में मौजूद रहे। बैठक में भाजपा मनाली मंडल के नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष ठाकुर दास ने सभी सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों व कार्यकारिणी सदस्यों को बधाई दी।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल ने पार्टी के आगामी कार्यों की विस्तृत जानकारी रखी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के समय बड़े-बड़े दावे किए थे। प्रदेश के लोगों को दस गारंटियां भी दी थीं। हिमाचल की राजनीति में प्रदेश की जनता से इस तरह का छल आज तक किसी ने नहीं किया।कांग्रेस सत्ता में आने के बाद अपने सारे वादे, सारी गारंटियां भूल गई लेकिन प्रदेश के लोग नहीं भूले और आज भी उनकी राह देख रहे हैं। इस अवसर पर भाजपा कुल्लू जिला अध्यक्ष अरविंद चंदेल, पूर्व भाजपा उपाध्यक्षा धनेश्वरी ठाकुर, प्रदेश नगर निगम व नगर निकाय के अध्यक्ष चमन कपूर,मंडल अध्यक्ष ठाकुरदास, महामंत्री जोगिंदर मेहरा, बागेश शर्मा, सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।